बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बॉयफ्रेंड ने अपनी 14 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड को चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या कर दी। यह वारदात मस्तूरी थाना क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका खैरागढ़ की रहने वाली थी और अपने मामा की शादी में आई हुई थी। 28 मार्च को वह घर से बिना बताए अपने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा के साथ निकल गई थी। उनके साथ दो अन्य युवक भी थे। चारों डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी मोहन वर्मा ने नाबालिग को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
29 मार्च को मस्तूरी थाना पुलिस को ग्राम किसान-परसदा के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवती का शव मिला था। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए। बाद में परिजनों ने शव की पहचान देविका वर्मा के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बॉयफ्रेंड मोहन वर्मा, हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि मृतका 8वीं कक्षा की छात्रा थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है।








