बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फर्जी मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कॉल सेंटर के जरिए संचालित इस गिरोह के संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कॉल सेंटर से चल रहा था ठगी का खेल
मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा और कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर इस फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़ किया। आरोपी फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे और शादी का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलते थे। रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य पैकेज के नाम पर रकम लेने के बाद आरोपी पीड़ितों से संपर्क तोड़ देते थे।
भारी मात्रा में सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से10 कंप्यूटर, 70 मोबाइल फोन, नकद राशि जब्त की है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह ठगी का नेटवर्क बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था।
राजनांदगांव में भी हुआ था खुलासा
इसी तरह का एक मामला राजनांदगांव जिले के बसंतपुर क्षेत्र में भी सामने आया था। यहां ‘लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो’ के नाम से ठगी की जा रही थी। आरोपी युवतियों की फर्जी फोटो और आईडी बनाकर युवकों को व्हाट्सएप पर भेजते थे और रजिस्ट्रेशन, पैकेज व फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक वसूलते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक साल में करीब 37.69 लाख रुपये की ठगी की। इस मामले में नेहा पाठक और धर्मेंद्र मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।









