Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 13 माह की बच्ची की मौत, परिजनों का आरोप इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को इलाज के दौरान 13 माह की एक बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरमपुर बस्ती निवासी संजू केवट अपनी 13 माह की बेटी वानिया को सर्दी-खांसी की शिकायत के चलते चार दिन पहले अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि बच्ची को भर्ती करने के बाद उसे इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह कोमा में चली गई।

बच्ची की मां ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगने के बाद से ही वानिया की तबीयत लगातार खराब होती गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी कहना है कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ समय पर सही तरीके से कैनुला नहीं लगा पा रहे थे, जिससे इलाज में देरी हुई।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान स्टाफ नर्स डॉक्टर से व्हाट्सऐप पर काउंसलिंग कर रही थीं, जबकि बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई थी। वहीं बच्ची की नानी का दावा है कि इंजेक्शन किसी मेडिकल छात्रा ने लगाया था। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इंजेक्शन किसने लगाया।

घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Posts

1 of 193