पंजाब के पटियाला में पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर जनरल (IG) अमर सिंह चहल घर में गंभीर रूप से घायल हालत में मिले हैं. परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए पटियाला के पार्क हॉस्पिटल में पहुंचाया है. जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुट गई है. उनकी स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है. परिजनों ने बताया कि अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मारी है. जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
पुलिस को घटनास्थल से एक 12 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें ऑनलाइन ठगी के कारण आर्थिक परेशानियों का उल्लेख होने की बात लिखी गई है. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पूरी तरह से जांच की जाएगी.
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और जरूरी सबूत इकट्ठा किए हैं. साथ ही परिजनों और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
DGP से की अपील
अमर सिंह चहल के परिजनों ने बताया कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की वारदात हुई थी जिसमें ठगों ने उनसे 8 करोड़ रुपये ठग लिए थे. इस ठगी की वारदात के बाद से वे बहुत परेशान रहने लगे थे. इसी बात का जिक्र उन्होंने 12 पेज के सुसाइड नोट में किया है. उन्होंने पंजाब के डीजीपी के नाम यह लेटर लिखा है जिसमें इस मामले में तुरंत ध्यान देने की अपील की गई है.









