दुर्ग। मुंबई–हावड़ा रेलवे ट्रैक पर दुर्ग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक रेलवे कर्मचारी की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर कार्यरत थे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अजय कुमार प्रथम पाली में ड्यूटी पर तैनात थे। सुबह करीब 9 बजे किलोमीटर संख्या 865/27 (रायपुर एंड) के पास एक खाली मालगाड़ी (एन/बॉक्स) गुजर रही थी, इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर दुर्ग ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सूचित किया। इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी दुर्ग तथा स्थानीय रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। आरपीएफ द्वारा सुबह करीब 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया। जीआरपी दुर्ग ने बताया कि परिजनों के आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद रेलवे विभाग में शोक का माहौल है।










