रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपारा इलाके में देर रात अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के आरोप हैं कि वाहन यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो बेहद तेज रफ्तार में थी और अचानक टक्कर लगने से कई लोग बाल-बाल बच गए। घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।
टक्कर के बाद राहुल ठाकुर और उनके साथियों ने वाहन से उतरकर हंगामा करना शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और जमकर पिटाई की, जिसके बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद राहुल ठाकुर अपने साथियों के साथ इलाके में दोबारा पहुंचा, जिससे तनाव और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल कार्रवाई करते हुए राहुल ठाकुर और उसके साथी पारस वाधवा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वाहन से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके अलावा, हथियार से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।








