बालोद। जिले के सुवरगोड गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक व्यक्ति ने जमकर उत्पात मचाया और बाद में 60 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के मुताबिक सुवरगोड निवासी पूना राम मंडावी अपने ससुराल में रह रहा था। रविवार शाम उसने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में ससुराल पक्ष से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर वह घर से निकल गया और जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया।
टंकी पर चढ़ने से मचा हड़कंप
जब पूना राम 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा, तो किसी अनहोनी की आशंका से ग्रामीणों की सांसें अटक गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और नगर सेवा विभाग को सूचना दी।
रेस्क्यू में आई मुश्किलें
पुलिस और नगर सेवा की टीम मौके पर पहुंची और माइक के जरिए उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की। हालांकि नशे की हालत में होने के कारण वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। टंकी की ऊंचाई, फिसलन और व्यक्ति की असंतुलित स्थिति ने रेस्क्यू को चुनौतीपूर्ण बना दिया।
पानी की टंकी से सुरक्षित निकाला गया
रेस्क्यू के दौरान वह टंकी के अंदर चला गया, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से टंकी का पानी खाली कराया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस, नगर सेवा टीम और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मानसिक रूप से अस्थिर होने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि पूना राम बीते कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्थिर नजर आ रहा था। फिलहाल पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








