रायपुर: राजधानी रायपुर ( RAIPUR CRIME) से सटे धरसींवा थाना क्षेत्र के एक फार्महाउस में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां आरोपियों ने युवती को कोल्ड्रिंक में नशीली दवा पिलाकर वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी फरार है।
CG NEWS: जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती अपने परिचित के जन्मदिन समारोह में शामिल होने फार्महाउस पहुँची थी। यही दो युवकों ने उसे कोल्ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिलाई। जिसके बाद लड़की बेसुध हो गई, तब दोनों ने मिलकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने किसी तरह धरसींवा पहुंचकर थाने अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान आरोपियों ने युवती को धोखे से कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा मिलाकर पिला दी थी, उसके बाद वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम आशीष जोशी है, जो तेलीबांधा इलाके का निवासी है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी रूपेंद्र जोशी अभी पुलिस पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।










