पंजाब के जालंधर से बड़ी खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबोराय की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई, जहां हमलावरों ने उन्हें उस समय निशाना बनाया जब वह मत्था टेकने के बाद अपनी कार में बैठ रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, लक्की ओबोराय के शरीर में करीब पांच गोलियां लगीं। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे जालंधर शहर में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि लक्की ओबोराय रोजाना गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने आते थे। घटना वाले दिन भी वह गुरुद्वारे आए थे। जैसे ही उन्होंने मत्था टेका और पार्किंग में अपनी कार में बैठे, तभी उन पर गोलियां चला दी गईं। चश्मदीद के अनुसार, हमलावर दो लोग थे जो एक्टिवा पर सवार होकर आए थे।
बताया जा रहा है कि लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। लक्की, कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के करीबी माने जाते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।








