रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और धमकी देने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की जानकारी उसके तक पहुंचने के आरोप में पुलिस विभाग ने दो आरक्षकों को लाइन अटैच किया है। क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को लाइन अटैच किया है। हालांकि, इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों आरक्षकों पर पुलिस की गोपनीय जानकारी को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप है। पुलिस टीम शोएब ढेबर की तलाश में शहर के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन हर बार पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसके वहां से निकल जाने की जानकारी सामने आई।
खम्हारडीह स्थित घर पर भी दबिश
शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के लिए अदालत से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस टीम ने उसके छिपने के संभावित करीब आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस को खम्हारडीह स्थित उसके निवास में शोएब के छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
दूसरे राज्य भागने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए शोएब ढेबर दूसरे राज्य में भी जा सकता है। इसी को देखते हुए पुलिस उसके संभावित ठिकानों के साथ-साथ संपर्कों पर भी नजर रख रही है।
इधर, पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी गोपनीय जानकारी आरोपी तक कैसे पहुंची, इसकी भी जांच की जा रही है। इसी कड़ी में दोनों आरक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें लाइन अटैच किए जाने की बात सामने आई है।










