राउरकेला। ओडिशा के राउरकेला हवाई पट्टी से महज 9 किलोमीटर दूर जाल्दा के पास शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा एक 9 सीटों वाला छोटा विमान तकनीकी खराबी के बाद क्रैश हो गया। विमान में सवार दोनों पायलटों समेत सभी 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोपहर 1:15 बजे होना था लैंड, पहले ही हो गया क्रैश
जानकारी के अनुसार, विमान ने भुवनेश्वर से उड़ान भरी थी और इसे दोपहर 1:15 बजे राउरकेला हवाई पट्टी पर उतरना था। लेकिन लैंडिंग से ठीक 10 किलोमीटर पहले ही विमान में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। पायलटों ने विमान को सुरक्षित उतारने की पूरी कोशिश की और जाल्दा के पास इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया, लेकिन इसी दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन: समय रहते बाहर निकाले गए यात्री
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं। विमान में कुल 6 लोग सवार थे। कैप्टन नवीन कडंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव (गंभीर रूप से घायल)। 4 अन्य यात्री (मामूली और मध्यम चोटें)।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि विमान में आग नहीं लगी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती: “पेड़ों से टकराते-टकराते बचा”
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ रहा था। जाल्दा के पास विमान काफी नीचे आ गया, जिसे देखकर इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पास में ही घना पेड़ों का झुंड था; यदि विमान पेड़ों में फंस जाता तो यह एक भयावह अग्निकांड में बदल सकता था। इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान प्लेन जमीन से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया।








