Trendingदेशबड़ी खबर

Jaipur audi speeding accident: 100 की स्पीड में ऑडी ने मचाया तांडव, एक की मौत, 15 घायल

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला। करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक ऑडी कार ने सड़क किनारे ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। इस दर्दनाक हादसे का CCTV वीडियो अब सामने आया है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

यह घटना जयपुर की पत्रकार कॉलोनी स्थित खराबास सर्किल के पास की है। CCTV फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि तेज रफ्तार ऑडी कार पहले डिवाइडर से टकराती है और फिर बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ठेले, थड़ियों और वाहनों को रौंदते हुए आगे बढ़ जाती है। करीब 30 मीटर तक कार कहर बनकर दौड़ती रही। हादसे में 12 से ज्यादा ठेले और थड़ियां पलट गईं, वहीं सड़क किनारे खड़ी एक कार भी टक्कर से पलट गई।

इस भीषण हादसे में कुल 16 लोग चपेट में आ गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मुहाना और पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एसएमएस अस्पताल और जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क किनारे रोज की तरह फास्ट फूड और अन्य सामान के ठेले लगे हुए थे। अचानक तेज रफ्तार ऑडी कार लोगों को कुचलती हुई आगे बढ़ गई। अगर कुछ लोग समय रहते इधर-उधर न भागते, तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गुस्साए लोगों ने कार में सवार दो युवकों की जमकर पिटाई भी कर दी।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त ऑडी कार में चार लोग सवार थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर नशे की हालत में था। जानकारी के मुताबिक, नशेबाज ड्राइवर और उसका एक साथी, जो पुलिस कॉन्स्टेबल बताया जा रहा है, हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।

मुहाना थाने के एसएचओ गुरुभूपेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार बेहद तेज पाई गई है। CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। ऑडी कार को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Related Posts

1 of 167