छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी पुलिस ने ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपए नकद, 8 मोबाइल फोन और सट्टा-पट्टी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई जा रही है।
गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे चल रहा था सट्टा
क्राइम एवं साइबर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग सट्टा संचालन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापेमारी की, जहां दो लोगों को सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया।
ऑनलाइन बेटिंग ऐप से भी हो रहा था संचालन
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए भी सट्टा खिला रहे थे। जांच में सामने आया कि आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामसागरपारा स्थित एक मकान से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। मोबाइल फोन की जांच में Cribet99.red.com जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के मास्टर आईडी के जरिए बैटिंग कराई जा रही थी। आरोपी कॉल के माध्यम से भी क्रिकेट मैचों में हार-जीत और सेशन के आधार पर दांव लगवाते थे।
हिस्ट्रीशीटर भी गिरोह में शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में मंजीत सिंह नाम का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी कॉलिंग के जरिए सट्टा संचालित करते थे और जीत-हार पर कमीशन वसूलते थे।
छापेमारी में चार आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए
पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। वहीं रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा सट्टा-पट्टी के माध्यम से ऑफलाइन सट्टा भी संचालित कर रहे थे।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में राजा साहू (प्रेम नगर), अभय साहू (गुलाब नगर), मंजीत सिंह (गोंदवारा रोड), रोहित मोटवानी (रामसागरपारा), हरीश सकलेचा (रामसागरपारा) और आकाश सिन्हा (परशुराम नगर) शामिल हैं।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के बड़े लिंक खंगाले जा रहे हैं।









