Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

भिलाई: 5 साल की मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म की कोशिश, झाड़ियों में बोरे के अंदर मिली बच्ची

दुर्ग (भिलाई): छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। उतई थाना क्षेत्र के बंजारीपारा में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।

दुकान गई थी बच्ची, 2 घंटे तक रही लापता

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची सुबह करीब 11 बजे स्कूल से लौटी थी। घर आने के बाद वह अपनी दादी से पैसे लेकर पास की एक दुकान पर सामान लेने गई थी। जब 2 घंटे बीत जाने के बाद भी बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों और आस-पड़ोस के लोगों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला।

बोरे में बंद और मुंह पर बंधा था कपड़ा

काफी मशक्कत के बाद, मोहल्ले के ही एक खंडहर के पास झाड़ियों में एक संदिग्ध बोरा दिखाई दिया। बोरे से बच्ची के पैर बाहर निकले हुए थे। जब परिजनों ने पास जाकर देखा तो मासूम अचेत (बेहोश) अवस्था में थी और उसके मुंह पर तकिए का कवर बंधा हुआ था ताकि वह शोर न मचा सके।परिजनों ने तत्काल बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद अब बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और वह स्वस्थ है।


पुलिस की कार्रवाई: आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 40 वर्षीय संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस को आरोपी के घर से महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं, जो घटना से जुड़े होने की पुष्टि कर रहे हैं। फिलहाल आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके।


सांसद विजय बघेल ने जताई कड़ी नाराजगी

दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने इस घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा “यह घटना मानवता के नाम पर कलंक है। मासूम बच्चियों के साथ इस तरह की दरिंदगी करने वाले अपराधियों के मन में कानून का खौफ होना जरूरी है। अक्सर देखा गया है कि घर के आसपास के लोग ही ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं। मैंने पुलिस प्रशासन से बात की है और आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।”

Related Posts

जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग: धुरकोट नहर में मिला लापता युवक का शव, 16 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिली सफलता

जांजगीर-चांपा। जिले के जांजगीर क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आ रही है, जहाँ पिछले…

1 of 269