बिलासपुर में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई करते हुए 22 हजार से अधिक पक्षियों को नष्ट किया गया, वहीं 25 हजार से ज्यादा अंडे और 79 क्विंटल दाना भी नष्ट किया गया है।
कंट्रोल रूम और सख्त निगरानी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टोरेट में 24 घंटे एक्टिव कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन और पशुपालन विभाग की टीमें लगातार पोल्ट्री फार्म और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित
संक्रमण की पुष्टि के बाद 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन घोषित किया गया है, जबकि 10 किलोमीटर के दायरे के कई वार्डों को सर्विलांस जोन में रखा गया है।
लापरवाही आई सामने
अलर्ट के बीच बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। खमतराई की ड्रीम लैंड कॉलोनी में बोरी में भरी दो दर्जन से अधिक मरी हुई मुर्गियां लावारिस हालत में मिलीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई है।
जांच में H5N1 की पुष्टि
H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि कोनी स्थित पशुपालन विभाग के कुक्कुट प्रक्षेत्र में हुई, जहां हजारों मुर्गियों की संदिग्ध मौत के बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।
कलेक्टर-SSP ने लिया जायजा
संक्रमण की पुष्टि के बाद कलेक्टर और SSP ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें लगातार नियंत्रण और बचाव कार्य में जुटी हैं।










