नई दिल्ली। सऊदी अरब में सोमवार अल-सुबह हुए एक सड़क हादसे ने 42 भारतीयों की सांसें छीन ली। इसमें कई यात्री हैदराबाद के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीम ने घटनास्थल पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक भारत से मक्का पहुंचे लोग उमरा के लिए मदीना जा रहे थे। इसी दौरान मुफ्रिहात इलाके में उनकी बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई, टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 42 लोग जिंदा जलकर मर गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए।
वहीं इस दुखद हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मुख्य सचिव के राम कृष्ण राव और डीजीपी बी शिवाधर रेड्डी को तुरंत पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार, विदेश मंत्रालय और सऊदी दूतावास के साथ मिलकर प्रभावितों के परिवार को मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
हादसे के मद्देनजर जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया है। वाणिज्य दूतावास ने एक टोल-फ्री नंबर 8002440003 भी जारी किया है। प्रशासन पीड़ितों और घायलों के बारे में और विस्तृत जानकारी जुटा रहा है।










