कोरिया (सोनहत)। जिले के सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां सरकारी सिस्टम के एक जिम्मेदार कर्मचारी अपनी मर्यादा भूलकर जश्न में डूबे नजर आए। ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित ‘नाचा’ कार्यक्रम के दौरान रोजगार सहायक द्वारा खुलेआम पैसे उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।
मंच पर ‘नोटों की बारिश’
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत पोड़ी में सांस्कृतिक कार्यक्रम (नाचा) का आयोजन किया गया था। इस दौरान वहां मौजूद रोजगार सहायक जिंदल साय ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रोजगार सहायक कलाकारों पर ठुमकों के साथ जमकर नोट उड़ा रहे हैं।
प्रशासन में मचा हड़कंप
एक तरफ जहां ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों को लेकर बजट की किल्लत की खबरें आती रहती हैं, वहीं एक सरकारी कर्मचारी का इस तरह सार्वजनिक मंच पर पैसे लुटाना चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और जनपद पंचायत के गलियारों में खलबली मची हुई है।









