जगदलपुर। छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा के कोरापुट जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अहम सफलता हासिल की है। करोड़ों रुपये मूल्य के गांजा तेल और भारी मात्रा में गांजा जब्त कर तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया गया है।
जालपुट जलाशय के पास छापा, 1800 लीटर गांजा तेल बरामद
पहली कार्रवाई में पुलिस ने उड़ीसा-आंध्र प्रदेश सीमा पर स्थित जालपुट जलाशय के समीप संचालित एक अस्थायी प्रोसेसिंग यूनिट पर छापा मारा। यहां से 1800 लीटर गांजा तेल जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
साउथ वेस्टर्न रेंज के डीआईजी डॉ. कंवर विशाल सिंह को विशेष सूत्रों से सूचना मिली थी कि आंध्र-ओडिशा बॉर्डर पर गांजे से तेल निकालकर अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है। उनके निर्देश पर कोरापुट एसपी रोहित वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई।
तस्करी का बदला तरीका
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पहले तस्कर गुप्त चैंबर या फलों से लदे वाहनों के जरिए गांजा की तस्करी करते थे, लेकिन अब उन्होंने तरीका बदल लिया है। माफिया गांजे से तेल निकालकर कम जगह में अधिक कीमत पर दूसरे राज्यों में सप्लाई कर रहे हैं, जिससे पकड़ से बचना आसान हो जाता है।
नंदपुर में 1144 किलो गांजा जब्त
दूसरी बड़ी कार्रवाई में नंदपुर पुलिस ने 1144 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गांजा को अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर बड़ी साजिश नाकाम कर दी गई।
फिलहाल, पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।










