Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: सेक्स रैकेट का खुलासा, कॉलोनी के घर में चल रहा था देह व्यापार

दुर्ग। जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बार फिर देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी के एक मकान में चोरी-छिपे चलाए जा रहे देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस ने छापा मारकर संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से 8 महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, 10 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान नंबर 146/8 में महिलाओं को बुलाकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के आधार पर महिला रक्षा टीम और स्मृति नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड की कार्रवाई की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, 5500 रुपये नकद और देह व्यापार में इस्तेमाल होने वाली आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत स्मृति नगर थाना में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पुलिस के अनुसार, दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में हाल के समय में इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले मोहन नगर थाना क्षेत्र के जयंती नगर में भी एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार का रैकेट संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं भिलाई के छाया लॉज और जूनवानी के एक होटल में भी इसी तरह की गतिविधियों का खुलासा हो चुका है।

पुलिस की अपील

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Related Posts

1 of 213