दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां NSUI से जुड़े नेताओं पर 19 वर्षीय युवक ऋषि निर्मलकर की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। चोटों की वजह से युवक इलाज के दौरान दम तोड़ गया।
विवाद की वजह उधार लिया पैसा
पुलिस के अनुसार मृतक ऋषि निर्मलकर ने NSUI जिला उपाध्यक्ष मेजर सागर से कुछ पैसे उधार लिए थे। ऋषि ने पैसे लौटाने में देरी की और फोन नहीं उठाया, जिससे आरोपियों का गुस्सा बढ़ गया। 20 जनवरी को ऋषि अपने दोस्त के साथ बाइक से घूम रहा था, तभी मेजर सागर और उसके साथियों ने उसे जबरन बाइक से उतारकर कार में बैठाया और दुर्ग के 36 इन होटल ले गए।
होटल में बंद कर लात-घूंसों से पिटाई
होटल का मैनेजर खुद मुख्य आरोपी मेजर सागर बताया गया। आरोप है कि होटल के कमरे में ऋषि को बंद कर लात-घूंसों से पीटा गया और बाद में घायल अवस्था में होटल के बाहर फेंक दिया गया। ऋषि अपने दोस्त को फोन कर घर पहुंचा, लेकिन दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले स्थानीय डॉक्टर दिखाया गया, फिर गंभीर हालत में भिलाई के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 25 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने 26 जनवरी को हत्या का मामला दर्ज किया। जांच के बाद पहले दो और फिर 2 फरवरी को मुख्य आरोपी मेजर सिंह सागर, काके उर्फ हरविंदर सिंह और अंकित झा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
परिवार में मातम, इलाके में आक्रोश
ऋषि के पिता कपड़े प्रेस करने की दुकान चलाते हैं और परिवार में मातम पसरा हुआ है। इलाके में लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।









