मोहला / अंबागढ़ चौकी।
छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से हिट एंड रन का एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार को राजनांदगांव-चंद्रपुर स्टेट हाईवे पर एक नशे में धुत ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़ी 11 वर्षीय मासूम बच्ची को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
दिल दहला देने वाली बात यह है कि हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर थमा नहीं, बल्कि पुलिस और जनता को छकाते हुए तीन थानों और एक पुलिस चौकी की सीमा को पार कर 60 किलोमीटर तक ‘मौत का तांडव’ मचाता रहा। अंततः भारी मशक्कत और घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
मासूम पूनम की मौके पर ही मौत, फरार हुआ ड्राइवर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MH 40 CT 6621 का चालक देवेंद्र सिंह शराब के नशे में पूरी तरह चूर था। अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंडरदेही में उसने सड़क किनारे खड़ी 11 वर्षीय मासूम बच्ची पूनम खवाश (पिता राजेश खवाश) को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी अश्वनी राठौर को इसकी सूचना दी।
3 थाने, 1 चौकी और कई बैरिकेड्स तोड़े; मचाया 2 घंटे तक तांडव
सूचना मिलते ही पुलिस ने अंबागढ़ चौकी के राजीव गांधी चौक पर ट्रक को रोकने के लिए पहला बैरिकेड लगाया, लेकिन रफ्तार और नशे में अंधा हो चुका ड्राइवर बैरिकेड्स को तोड़ते हुए मोहला-मानपुर की ओर भाग निकला।
- 60 किलोमीटर तक पीछा: आरोपी ड्राइवर हाईवे पर बेतहाशा ट्रक दौड़ाता रहा।
- बचे बाल-बाल: इस दौरान अंबागढ़ चौकी, मोहला और मानपुर में की गई बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मी और आम राहगीर ट्रक की रफ्तार देखकर पीछे हटे, जिससे कई लोगों की जान बाल-बाल बची।
- साप्ताहिक बाजार का खतरा: शुक्रवार को जिला मुख्यालय मोहला में साप्ताहिक बाजार होने के कारण भारी भीड़ थी। कोई बड़ा हादसा न हो, इसलिए पुलिस की एक पेट्रोलिंग टीम ट्रक के आगे-आगे चलकर लोगों को हाईवे से हटा रही थी, जबकि पीछे से सायरन बजाती गाड़ियां ट्रक का पीछा कर रही थीं।
संयुक्त टीम की सूझबूझ से कोहका-कोरकोट्टी में दबोचा गया आरोपी
अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी अश्वनी राठौर, मोहला थाना प्रभारी संदीप टोप्पो और मानपुर थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा की संयुक्त टीम ने सूझबूझ दिखाई। आखिरकार, घटनास्थल से 60 किलोमीटर दूर कोहका-कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने चारों तरफ से तगड़ी घेराबंदी कर ट्रक को काबू में किया और आरोपी ड्राइवर देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गुंडरदेही गांव में तनाव, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम इस दर्दनाक हादसे के बाद गुंडरदेही गांव में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस प्रशासन ने बेहद सूझबूझ से ग्रामीणों को शांत कराया और मासूम बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबागढ़ चौकी अस्पताल भिजवाया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।









