रायपुर में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रदेश की कानून व्यवस्था, DG कॉन्फ्रेंस, SIR प्रक्रिया और धान खरीदी को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि DG कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए गृह मंत्री और प्रधानमंत्री खुद आ रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि छत्तीसगढ़ सरकार अभी तक अपना स्थायी DG नियुक्त नहीं कर पाई है।
दीपक बैज ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ का अपराध अब UP और बिहार को टक्कर दे रहा है। प्रधानमंत्री को राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए।
उन्होंने SIR प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा— चुनाव आयोग दावा कर रहा है कि 97% से अधिक फॉर्म भरे गए, लेकिन कलेक्शन नहीं हुआ। कई जिलों में BLO पर दबाव बनाया जा रहा है, जिसके चलते वे डिप्रेशन में हैं। अभी भी 50% से अधिक फॉर्म जमा नहीं हो पाए हैं। बेमेतरा जिले में लोगों को सिंगल फॉर्म ही बांटा जा रहा है। कांग्रेस SIR प्रक्रिया पर लगातार नजर रखे हुए है और उन्होंने फॉर्म जमा करने की तारीख बढ़ाने की मांग की।
दीपक बैज ने कहा— धान खरीदी शुरू हुए 13 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन कई केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है। किसानों को टोकन नहीं मिल रहा, और अनावरी रिपोर्ट के आधार पर ही खरीद शुरू है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जल्द ही बड़ा प्रदर्शन करेगी।










