राजनांदगांव | छत्तीसगढ़ की होनहार वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) अपने नाम कर लिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल राजनांदगांव और छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ा है। ज्ञानेश्वरी ने भारत को प्रतियोगिता में पांचवां और वेटलिफ्टिंग में चौथा पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में उतरी ज्ञानेश्वरी ने कड़े मुकाबले के बीच शानदार खेल दिखाया। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। इस मुकाबले में उनकी नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडिह से रोमांचक टक्कर देखने को मिली।
ज्ञानेश्वरी यादव इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में उन्होंने कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता था, जबकि स्नैच स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया था। इसके अलावा खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया रिकॉर्ड बनाया था। वहीं जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2022 में भी उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था।
ज्ञानेश्वरी की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, प्रदेशवासियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।










