रायपुर। दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ क्षेत्र में आयोजित पीस हाफ मैराथन का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शांति स्थापना, आजीविका संवर्धन, खेल और पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए शासन की योजनाओं का अवलोकन किया और स्थानीय लोगों से संवाद कर सहभागिता एवं विश्वास को और मजबूत करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति, विकास और विश्वास के वातावरण को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री श्री साय ने शांत सरोवर के समीप रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बाइकर्स दल नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक की यात्रा करेगा। इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ को जानना, समझना और शांति का संदेश आमजन तक पहुँचाना है।

शांत सरोवर में नौका विहार
बिजली गांव के समीप स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार किया। स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह पहल प्रशासन द्वारा की गई।
तीर-धनुष से साधा लक्ष्य, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय युवा तीरंदाज खिलाड़ियों से मुलाकात की और स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधा। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आदिवासी समाज की पारंपरिक खेल दक्षताओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए सरकार सतत प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शांति, आजीविका और खेलों के विकास के लिए प्रशासन द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है।
ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।











