रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पटना में की गई टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और गिरते राजनीतिक मूल्यों का प्रमाण बताया। मुख्यमंत्री ने खड़गे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
‘राजनीतिक विरोध की भी एक सीमा होती है’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजनीतिक विरोध करते-करते कांग्रेस अब उनके दिवंगत पिता को भी निशाना बनाने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस की वैचारिक दिवालियेपन और राजनीतिक द्वेष को दर्शाता है।
सीएम साय ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाओं को लांघना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक सीमा होती है और जनता कांग्रेस की ऐसी राजनीति को समझ रही है।
खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से उनकी टिप्पणी के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी नेता के दिवंगत पिता को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
सीएम साय ने इस मामले को कांग्रेस की ‘गिरी हुई सोच’ और ‘संस्कारहीन राजनीति’ से जोड़ते हुए कहा कि जनता ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता अपने अधिकारों के जरिए ऐसी राजनीति का जवाब देती है।
मुख्यमंत्री की इस प्रतिक्रिया से खड़गे की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक विवाद और तेज होने के संकेत हैं।










