अंबिकापुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक शराब के नशे में धुत पुलिस ASI को उसकी शिक्षिका पत्नी ने धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया। मामला इतना तूल पकड़ गया कि घायल ASI ने खुद अपनी खून से लथपथ फोटो मीडिया को भेजकर मदद की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर SP कार्यालय की शिकायत शाखा में पदस्थ ASI प्रशांत कुमार प्रकाश शुक्रवार देर रात शराब पीकर अपने अंबिकापुर स्थित घर पहुंचे। घर पहुंचते ही उन्होंने पहले अपनी नाबालिग बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। लंबे समय से पति की शराब की लत और प्रताड़ना झेल रही पत्नी प्रियंका प्रकाश (निजी स्कूल में शिक्षिका) ने जब बेटी पर हाथ उठते देखा तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
गुस्साई पत्नी ने घर में मौजूद धारदार हथियार (चाकू) से पति पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में ASI के चेहरे, सिर, गले और दोनों हाथों पर गहरे घाव हो गए। खून से लथपथ हालत में ASI ने किसी तरह अपनी फोटो खींची और व्हाट्सएप के जरिए मीडिया कर्मियों को भेज दी।
दूसरी तरफ घायल ASI ने पत्नी पर उल्टा आरोप लगाया है कि “मैंने सोने के गहने नहीं दिलाए, इसलिए उसने मुझ पर जानलेवा हमला किया।” जबकि पत्नी प्रियंका का साफ कहना है कि पति आए दिन शराब पीकर बेटी और उसे मारते-पीटते हैं, और इस बार हद हो गई थी।
अभी तक दोनों पक्षों की तरफ से कोई लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन पुलिस के लिए यह स्थिति इसलिए भी पेचीदा है क्योंकि एक पक्ष खुद पुलिस विभाग का कर्मी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परिवार लंबे समय से आपसी कलह का शिकार था और आस-पड़ोस में अक्सर झगड़े की आवाजें आती रहती थीं। फिलहाल घायल ASI का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद होगी।









