सीतानदी टाइगर रिजर्व के जंगलों में हाथी की निगरानी के लिए पहुंचे वन विभाग के अफसरों की जिप्सी गाड़ी पर एक हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में वाहन के पीछे का शीशा टूट गया और कांच बिखर गया। गनीमत रही कि घटना के समय अफसरों सहित निगरानी टीम वाहन से लगभग 50 मीटर की दूरी पर जंगल में मौजूद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि यह हाथी लंबे अंतराल के बाद उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दिखाई दिया है। जानकारी के अनुसार यह सिंगल हाथी अपने दल से अलग होकर ओडिशा से होते हुए अभ्यारण क्षेत्र के जंगलों में पहुंचा है। फिलहाल इसकी मौजूदगी सीतानदी रेंज के वन क्षेत्र में बताई जा रही है।

हाथी की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अफसरों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों और जंगल से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि हाथी के व्यवहार और मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। विभाग ने लोगों से जंगल की ओर अनावश्यक आवाजाही न करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।











