बीजापुर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बीजापुर–दंतेवाड़ा बॉर्डर पर मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। अब तक 5 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि सुरक्षा बल का एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है। मुठभेड़ बीजापुर जिले के गंगालूर के घने जंगलों में चल रही है, जिसे नक्सली गतिविधियों का सबसे संवेदनशील इलाका माना जाता है।
दो घंटे से अधिक चली तीव्र गोलीबारी, अब भी जारी है मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ मंगलवार सुबह शुरू हुई, जो लंबी अवधि तक चली और अभी भी रुक-रुककर गोलीबारी की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़ी संख्या में सक्रिय नक्सलियों को घेराबंदी में ले रखा है। जहां मुठभेड़ हो रही है, वह अत्यंत कठिन और घने जंगलों से घिरा इलाका है, जिससे ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
शहीद जवान को सलाम, घायल को एयरलिफ्ट किया गया
मुठभेड़ के दौरान एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घायल जवान को हेलिकॉप्टर की मदद से इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। सुरक्षा बल शहीद जवान के पार्थिव शरीर को बाहर लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।
पापा राव की टीम घेरे में, बड़ा ऑपरेशन जारी
जिस क्षेत्र में मुठभेड़ चल रही है, वह कुख्यात नक्सली कमांडर पापा राव का प्रभाव वाला इलाका है। पापा राव पश्चिम बस्तर डिवीजन की गंगालूर एरिया कमेटी का प्रमुख सदस्य है और कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड माना जाता है। सूत्रों के अनुसार, इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों के सामने नक्सलियों की DVCM टीम है, जो लंबे समय तक जंगलों में डेरा डालकर रहने की क्षमता रखती है।
हथियार, विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद
घटनास्थल से अब तक सुरक्षा बलों ने कई हथियार, बैग, दवाइयाँ और नक्सली सामग्री बरामद की है, जो दर्शाता है कि माओवादी लंबे समय से यहां छिपे हुए थे। सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को चारों दिशाओं से घेर लिया है ताकि कोई नक्सली भाग न सके।
संख्या बढ़ सकती है, इलाके में बढ़ाई गई फोर्स
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि जंगलों की तलाशी अभी जारी है। इलाके में अतिरिक्त बल भेजे गए हैं और ऑपरेशन को विस्तार दिया गया है।









