रायपुर। विश्व ऑटिज़्म जागरूकता दिवस के अवसर पर कोपलवाणी स्कूल के स्पीच थेरेपी सेंटर के बच्चों ने अपने माता-पिता और शिक्षकों के साथ लोक भवन पहुँचकर राज्यपाल से मुलाकात की। यह पल बच्चों और उनके परिवारों के लिए बेहद खास रहा।
राज्यपाल ने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों से बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ऑटिज़्म के बारे में जानकारी ली और बच्चों की प्रतिभा व चुनौतियों को समझा। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें प्रोत्साहित किया।

इस मौके पर सभी ने नीले रंग के गुब्बारे उड़ाकर समाज को यह संदेश दिया कि हर बच्चे को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।कोपलवाणी की डायरेक्टर पद्मा शर्मा ने बताया कि यह पहली बार है जब विशेष बच्चे राजभवन पहुंचे हैं, जो सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और सहयोग से ये बच्चे आगे बढ़कर बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं। कार्यक्रम में संस्था के कई सदस्य और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

ऑटिज़्म एक ऐसी स्थिति है जिसमें बच्चों के बोलने, समझने और सामाजिक व्यवहार में थोड़ी अलग तरह की क्षमता होती है। सही समय पर पहचान और सहयोग मिलने से ये बच्चे भी अपने जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।










