नई दिल्ली : कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया एक बार फिर अपने विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में हैं। विधायक ने हाल ही में एक ऐसा बयान दिया, जिसने न सिर्फ जनता को हैरान किया बल्कि सामाजिक और कानूनी संगठनों में भी भारी विरोध पैदा किया।
बरैया ने कहा कि खूबसूरत लड़की दिखने पर दिमाग विचलित हो सकता है और रेप का मन आ सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि SC/ST/OBC महिलाओं के साथ बलात्कार करना धर्मग्रंथों में वर्णित तीर्थ प्राप्ति जैसा माना जाता है। उन्होंने यह विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि जो लोग तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते, वे रात के अंधेरे में SC/ST/OBC महिलाओं के साथ संबंध बनाने से तीर्थ का फल प्राप्त करते हैं।
विधायक ने आगे यह भी कहा कि कई लोग कम से कम चार-पांच मिलकर बलात्कार करते हैं, और यही कारण है कि चार महीने और दस महीने की बच्चियों तक के साथ अपराध होते हैं। उन्होंने इस कृत्य को धर्मग्रंथों से जोड़ा और इसे तीर्थ फल से जोड़ने की बात कही।
बरैया के इस बयान पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। मानवाधिकार संगठनों और महिला अधिकार समूहों ने विधायक के बयानों की निंदा की और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे बयान समाज में महिलाओं और बच्चों के प्रति घृणा और हिंसा को बढ़ावा देते हैं और तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।









