हिंदी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता धर्मेंद्र का आज 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। आईएएनएस के अनुसार, लंबे समय से बीमार चल रहे अभिनेता ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। धर्मेंद्र का निधन उनके 90वें जन्मदिन से पहले हुआ, जो 8 दिसंबर 2025 को मनाया जाना था।
अस्पताल में इलाज और परिवार का दर्द
धर्मेंद्र को हाल ही में उनकी बिगड़ती तबीयत के चलते आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। वह 11 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। इस दौरान उनकी मौत की कई अफवाहें भी सोशल मीडिया पर फैली थीं, जिससे अभिनेता के परिवार और फैंस में चिंता का माहौल बन गया था।
अस्पताल ने उनकी कुछ वीडियो भी जारी की थीं, जिनमें धर्मेंद्र अपने परिवार, पत्नी प्रकाश कौर, बेटे सनी देओल, बॉबी देओल और अन्य परिजनों के साथ दिखाई दिए थे।
धर्मेंद्र का फिल्मी सफर
धर्मेंद्र ने 1960 में फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ से बॉलीवुड में कदम रखा और उसके बाद कई हिट फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं-
- आई मिलन की बेला, पूजा के फूल, हकीकत, बाज़ी, सत्याकाम
- आया सावन झूम के, राजा जानी, लॉफर, चुपके-चुपके, चरस
- ड्रीम गर्ल, धर्मवीर, गजब, मेरा गांव मेरा देश और अपने
धर्मेंद्र का अभिनय और उनके द्वारा निभाए गए किरदार हमेशा हिंदी सिनेमा के इतिहास में याद किए जाएंगे।
बॉलीवुड में शोक
धर्मेंद्र के निधन की खबर से पूरे बॉलीवुड और उनके लाखों फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है। अभिनेता की फिल्मों और व्यक्तित्व को याद करते हुए लोग सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।








