बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दल्लीराजहरा–बालोद मुख्य मार्ग पर जमही टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक के पीछे बाइक सवार युवक जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। तीनों ग्राम गुजरा के निवासी थे और कुसुमकसा से अपने गांव लौट रहे थे। जमही के पास खड़ी एक अज्ञात ट्रक के पीछे उनकी बाइक जा भिड़ी।
हादसे में तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रायपुर में भी सड़क हादसा: साइकिल सवार दंपती समेत 3 की मौत
इसी दिन राजधानी रायपुर में भी एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। रायपुर के विधानसभा क्षेत्र में साइकिल सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्यारी बाई विश्वकर्मा के साथ साइकिल से भुरकुनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार दंपती और बाइक चालक सड़क से दूर जा गिरे।
इस हादसे में भोजराज विश्वकर्मा, प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।










