कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वैष्णव मंदिर के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब चरित्र शंका को लेकर उपजे तनाव में एक पति ने अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
लंबे समय से चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान रामेश्वर साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित रूप से अपनी पत्नी सुक्रिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बीच-बचाव में मां और बहन भी घायल
हमले के दौरान घर में मौजूद मां और बहन ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी वार कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के पड़ोसी शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए किसी तरह आरोपी को काबू में किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पत्नी की हालत गंभीर
गंभीर रूप से घायल सुक्रिता को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मां और बहन को भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी रामेश्वर साहू को हिरासत में लिया और बाद में विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया। धारदार हथियार से हमले के कारण आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।









