Dantewada Crime News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम कमलापदर (बड़े कारली) में मामूली मोबाइल विवाद ने इतना खौफनाक रूप ले लिया कि एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
मोबाइल विवाद और खौफनाक अंत (The Incident)
घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच मोबाइल फोन को लेकर किसी बात पर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर आरोपी भाई ने पास ही रखे धान कूटने वाले लकड़ी के ‘खोटले’ (मूसल जैसा भारी लकड़ी का औजार) से अपने भाई की छाती पर जोरदार वार कर दिया।
मौके पर ही तोड़ा दम
छाती पर वार इतना घातक था कि पीड़ित भाई को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घर के भीतर हुई इस अचानक हिंसा से परिवार के अन्य सदस्य भी सकते में आ गए। ग्रामीणों की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।वारदात की खबर मिलते ही गीदम थाना पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।










