Trendingदेशबड़ी खबर

डिजिटल, सेमीकंडक्टर और रक्षा में बढ़ेगा सहयोग, भारत-फिनलैंड का फैसला

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के बीच गुरुवार को हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-फिनलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदलने का फैसला किया और डिजिटलाइजेशन, सस्टेनेबिलिटी और हाई-टेक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

हाई-टेक क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6G टेलीकॉम, स्वच्छ ऊर्जा, क्वांटम कंप्यूटिंग, रक्षा, अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देशों के बीच भरोसेमंद साझेदारी वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करने में मदद करेगी।

पहले से जारी सहयोग

मोदी ने बताया कि पहले से ही कई परियोजनाओं में फिनलैंड की भागीदारी रही है। Nokia की तकनीक ने भारत में मोबाइल और नेटवर्क कनेक्टिविटी बढ़ाई है। इसके अलावा चिनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल और असम के नुमालीगढ़ में बांस से बायोएथेनॉल उत्पादन परियोजना में भी फिनलैंड की तकनीकी भागीदारी रही है।

वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में, जैसे यूक्रेन संकट और पश्चिम एशिया का तनाव, भारत और यूरोप के मजबूत संबंध स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने EU और भारत के प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की संभावना जताई।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति स्टब से मुलाकात की, जबकि स्टब ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। विशेषज्ञों का मानना है कि इस यात्रा से भारत और फिनलैंड के रिश्तों को नई दिशा मिलेगी और यूरोप तथा नॉर्डिक देशों के साथ सहयोग मजबूत होगा।


Related Posts

दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा राज्य नीति आयोग : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर स्थित नीति भवन में छत्तीसगढ़ राज्य नीति…

1 of 197