बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन के भीतर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी जिला महामंत्री सहित करीब 10 पदाधिकारियों ने अपने पद से इस्तीफा देकर संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। लगातार हो रहे इस्तीफों से जिला कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है।
नई कार्यकारिणी के बाद बढ़ा विवाद
दरअसल, 2 मार्च को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अनुशंसा पर बलरामपुर जिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया था। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से ही कुछ पदाधिकारियों ने संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा देने और जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा किए जाने के आरोप लगाए हैं।
जिला उपाध्यक्ष ने भी भेजा इस्तीफा
इसी कड़ी में अब जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह ने भी अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। उनके इस्तीफे के बाद संगठन के भीतर असंतोष और भी स्पष्ट रूप से सामने आने लगा है।
जिलाध्यक्ष ने दी प्रतिक्रिया
पूरे मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिहर यादव ने कहा कि कुछ पदाधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की कमी के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी स्तर पर बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा द्वारा षड्यंत्र रचे जाने का भी आरोप लगाया है।









