Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायपुर में DGP-IG कॉन्फ्रेंस का अंतिम दिन: राष्ट्रीय सुरक्षा पर गहन मंथन, चुना जाएगा मॉडल स्टेट

नवा रायपुर स्थित IIM में चल रहे 60वें अखिल भारतीय DGP-IG कॉन्फ्रेंस का आज तीसरा और अंतिम दिन है। बैठक सुबह 8 बजे से शुरू होगी। पहले सत्र में उन राज्यों को प्रेजेंटेशन का अवसर मिलेगा, जो अब तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। इन प्रस्तुतियों के आधार पर प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।

दूसरे सत्र में अंतिम गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया पर फोकस रहेगा। सुरक्षा एजेंसियों की जरूरतों, राज्यों के इनपुट और पिछली सिफारिशों को ध्यान में रखते हुए ड्राफ्ट फाइनल किया जाएगा। इसी सत्र में ‘मॉडल स्टेट’ का चयन भी होगा, जिसकी बेहतर प्रैक्टिस पूरे देश में लागू करने की योजना है।

दोनों सत्र पूरे होने के बाद कॉन्फ्रेंस के औपचारिक समापन की प्रक्रिया शुरू होगी। समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित मंत्रिमंडल और संगठन के नेता मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

शनिवार को कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन 13 घंटे लंबी मैराथन बैठक हुई, जिसकी कमान प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संभाली। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित देशभर के शीर्ष पुलिस और सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

PM मोदी ने एक्स पर लिखा कि रायपुर में DGP/IGP कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा प्रणाली के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई। उन्होंने इसे बेस्ट प्रैक्टिस और इनोवेशन साझा करने का उत्कृष्ट मंच बताया।

शनिवार को 4 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें राज्यों के DGP ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा, उभरती चुनौतियों और पिछली सिफारिशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। महिला सुरक्षा को तकनीक के माध्यम से सुदृढ़ करने पर भी विशेष चर्चा हुई।

छत्तीसगढ़ के DGP अरुण देव गौतम ने ‘बस्तर 2.0’ पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया और मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के बाद क्षेत्र की विकास रणनीति साझा की। एक सत्र में आतंकवाद-निरोध के रुझानों और उपायों पर चर्चा हुई, जबकि विजन 2047 पर IB के विशेष निदेशक ने प्रेजेंटेशन दिया।

कॉन्फ्रेंस के पहले दिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने देश के टॉप-3 पुलिस स्टेशनों को सम्मानित किया। दिल्ली के गाजीपुर थाने को देश का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन घोषित किया गया। अंडमान-निकोबार का पहरगांव थाना दूसरे और कर्नाटक के रायचूर जिले का कवितला थाना तीसरे स्थान पर रहा।

Related Posts

रायपुर ब्रेकिंग: देवेंद्र इलाके के इलेक्ट्रानिक गोदाम में भीषण आग, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, VIDEO

रायपुर: रायपुर के देवेंद्र इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रानिक फैक्ट्री में अचानक आग…

1 of 245