रायपुर। राजधानी के खरोरा क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। तिल्दा रोड स्थित चिकन मार्केट के पास होली हार्ट स्कूल की बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय बस एक बच्चे को उतारने के लिए रुकी हुई थी।
जोरदार टक्कर से उखड़ा बस का गेट
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का गेट पूरी तरह उखड़कर नीचे गिर गया। बस में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे इस घटना से बुरी तरह घबरा गए।
राहगीरों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चों को संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
थाने से महज 300 मीटर दूर हादसा
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना खरोरा थाने से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
ड्राइवर फरार, लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।










