धमतरी। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिहावा थाना पुलिस ने परिवार का रूप धारण कर कार से गांजा तस्करी कर रहे एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 18 किलो 626 ग्राम गांजा, एक कार और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर की एक सफेद अमेज कार में ओडिशा के बोलांगीर-भवानीपटना क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले, जो परिवार की तरह यात्रा कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन की डिक्की की जांच की, जहां से भूरे रंग के सेलो टेप से पैक 18 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कुल 18 किलो 626 ग्राम गांजा पाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने गांजा, कार और तीन मोबाइल फोन जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण रविन्द्र दुबे, सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ थाना सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही जिलेभर में नाकाबंदी कर विशेष टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया। दिनभर चली सघन खोजबीन के बाद पुलिस ने फरार आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच जारी है। वहीं, पिछले छह सप्ताह के दौरान धमतरी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ सात बड़ी कार्रवाई कर तस्करी गिरोहों पर प्रभावी प्रहार किया है।










