कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सोना-चांदी के कारोबारियों के साथ लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने दो व्यापारियों का रास्ता रोककर मारपीट की और उनके पास रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना 27 अक्टूबर की बताई जा रही है। वारदात के बाद कबीरधाम पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
साप्ताहिक बाजार से लौटते समय वारदात
पुलिस के अनुसार, पांडातराई निवासी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी की खरीदी-बिक्री कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।
बैग में 15 किलो से ज्यादा चांदी और डेढ़ लाख रुपये नकद
प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, लूटे गए बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, करीब 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण और 1 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। हालांकि, लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और कुल कीमत का आकलन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना और तीन अन्य थानों की पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। तरेगांव जंगल थाना पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।










