Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: हाथी के हमले से मंडी प्रभारी की मौत, पत्नी समेत कई लोग बाल-बाल बचे

कोरबा। छत्तीसगढ़ के Korba जिले में हाथी के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना वनांचल क्षेत्र के Kudmura गांव स्थित धान उपार्जन केंद्र की है, जहां देर रात एक दंतैल हाथी घुस आया। हमले में धान उपार्जन केंद्र के मंडी प्रभारी राजेश कुमार सिंह (55 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो-तीन कर्मचारी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

जानकारी के मुताबिक आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र कुदमुरा में संचालित है। यहां किसानों से खरीदे गए धान की बड़ी मात्रा उठाव के अभाव में पड़ी हुई थी। हाल के दिनों में धान चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद समिति ने प्रेम नगर रजगामार निवासी राजेश कुमार सिंह को मंडी प्रभारी बनाकर धान की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी थी। राजेश कुमार अपनी पत्नी और अन्य कर्मचारियों के साथ उपार्जन केंद्र में ही अस्थायी रूप से रहकर रात में निगरानी कर रहे थे।

रात 2 बजे उपार्जन केंद्र में घुसा हाथी

बताया जा रहा है कि मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे एक हाथी उपार्जन केंद्र में घुस आया। टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की गई, लेकिन इसी दौरान हाथी ने राजेश कुमार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उपार्जन केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

मामले की पुष्टि करते हुए Suryakant Soni ने बताया कि कुदमुरा धान खरीदी केंद्र में एक लोनर हाथी के हमले में कर्मचारी राजेश कुमार (55 वर्ष) की मौत हुई है। घटना की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से भी हुई है।

पत्नी और कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान

हाथी के हमले के दौरान राजेश की पत्नी और अन्य कर्मचारी इधर-उधर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए।

पीड़ित परिवार को सहायता राशि

वन विभाग ने मृतक की पत्नी को तात्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए हैं। विभाग के अनुसार मानव-हाथी संघर्ष में जनहानि होने पर कुल 6 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है, जो जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को दिया जाएगा।

Related Posts

1 of 202