बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पामेड़ थाना क्षेत्र के कावरगट्टा गांव में नक्सलियों ने दिनदहाड़े पूर्व सरपंच की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कावरगट्टा गांव निवासी और पूर्व सरपंच भीमा मडकम अपने खेत में ग्रामीणों के बीच मौजूद था। इसी दौरान हथियारों से लैस नक्सली वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। गोली लगते ही भीमा मडकम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नक्सली वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि भीमा मडकम हाल ही में दंतेवाड़ा जिले के बचेली से अपने गांव लौटा था। नक्सलियों की इस कायराना हरकत से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग सहमे हुए हैं।
पहले भी हो चुका था हमला
गौरतलब है कि इससे पहले भी भीमा मडकम पर नक्सलियों द्वारा हमला किया जा चुका था, हालांकि उस वक्त वह बाल-बाल बच गया था। इस बार नक्सलियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही नक्सलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









