वलसाड। गुजरात के कपराड़ा तहसील स्थित कुंभ घाट पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार और ट्रक के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में कुल 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और कपराड़ा क्षेत्र में मातम छा गया।
सूत्रों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। यह परिवार कपराड़ा के अंबा जंगल गांव का निवासी था और इको कार से सफर कर रहा था। बताया जा रहा है कि कुंभ घाट के खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
दो घायलों ने अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
इस दर्दनाक हादसे ने एक ही परिवार के कई सदस्यों की जान ले ली, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। कुंभ घाट पर लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से घाट मार्ग पर सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।








