Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, 1.15 करोड़ का अवैध स्क्रैप और वाहन जब्त

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में लोड करीब 134 टन स्क्रैप जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार जब्त किए गए कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

घेराबंदी कर पकड़े गए वाहन

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध स्क्रैप का परिवहन किया जा रहा है और एक स्थान पर मैग्नीज मेटल गोली डंप की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी की।

इस दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा गया, जिनमें लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल और छड़ सहित भारी मात्रा में स्क्रैप लोड था। वाहन चालकों से जब स्क्रैप के परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित स्क्रैप जब्त कर लिया।

मिनी राइस मिल में मिला मैग्नीज मेटल

पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित मिनी राइस मिल में भी छापेमारी की। यहां से मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) बरामद की गईं।

मौके पर मौजूद युवक प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी से पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रक ड्राइवरों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट लोहे की खरीद करता है। कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।

ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के वाहन जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के नंबर वाले ट्रकों को जब्त किया है, जिनमें बड़ी मात्रा में स्क्रैप का अवैध परिवहन किया जा रहा था।

एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी

रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Posts

CM विष्णु देव साय से जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री…

1 of 209