रायपुर। सोमवार सुबह रायपुर से लगे खरोरा थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। बलौदाबाजार से रायपुर आ रही एक यात्री बस में भैंसा गांव के पास अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई।








