कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक बार फिर मशहूर हस्तियों को निशाने पर लिया है। गैंग की ओर से पंजाबी सिंगर दिलनूर को धमकी दी गई है, जिसमें 10 करोड़ रुपये की जबरन उगाही की मांग की गई है। यह धमकी सिंगर बी प्राक को मैसेज भिजवाने के नाम पर दी गई है।
धमकी भरे मैसेज में गैंग ने साफ तौर पर कहा है कि एक हफ्ते के भीतर 10 करोड़ रुपये दिए जाएं, वरना गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। धमकी में कहा गया है कि चाहे किसी भी देश में क्यों न चले जाएं, आसपास का कोई भी व्यक्ति मिल गया तो नुकसान पहुंचाया जाएगा।
धमकी का ऑडियो सामने आया
यह धमकी भरा वॉयस मैसेज 6 जनवरी की दोपहर दिलनूर को भेजा गया। इससे पहले 5 जनवरी को दो बार कॉल की गई, लेकिन दिलनूर ने कॉल रिसीव नहीं किया। 6 जनवरी को विदेश नंबर से कॉल आने पर दिलनूर ने कॉल उठाई, लेकिन बातचीत संदिग्ध लगने पर कॉल काट दी गई। इसके बाद वॉयस मैसेज भेजा गया। ऑडियो में कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया है, जो लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है और फिलहाल विदेश में छिपा हुआ बताया जा रहा है।
धमकी वाले ऑडियो में कहा गया
“बी प्राक को मैसेज दे देना 10 करोड़ रुपए चाहिए। तेरे पास एक हफ्ते का टाइम है। जिस मर्जी कंट्री में चला जा, आसपास का कोई भी मिल गया तो नुकसान कर देंगे। इसको फेक कॉल मत समझना। मिल के चला तो ठीक, नहीं तो उसको बोल मिट्टी में मिला देंगे।”
मोहाली में शिकायत दर्ज
धमकी मिलने के बाद दिलनूर ने 6 जनवरी को ही एसएसपी मोहाली को लिखित शिकायत दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कॉल व ऑडियो की तकनीकी जांच की जा रही है।








