रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवेश वर्ष 2025 के लिए जारी PG मेडिकल (MD/MS) काउंसिलिंग को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) ने स्पष्ट किया है कि पहले राउंड की सीट अलॉटमेंट, जो 10 दिसंबर 2025 को निर्धारित थी, अब उस तारीख को नहीं होगी।
नए कोटा सिस्टम पर विवाद
हाल ही में राज्य में NEET-PG सीटों पर 50% ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और 50% इंस्टीट्यूशनल प्रेफरेंस नीति लागू की गई थी। इस फैसले के बाद प्रदेशभर में छात्रों और अभ्यर्थियों ने इसका जोरदार विरोध किया। अभ्यर्थियों का कहना था कि इस नीति से राज्य के डॉक्टरों और स्थानीय मेडिकल स्नातकों के अवसर प्रभावित होंगे।
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान उठाए सवाल
आज की सुनवाई में अदालत ने टिप्पणी की कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहले से ही 50% AIQ + 50% इंस्टीट्यूशनल प्रेफरेंस लागू है। ऐसे में इसे और कम करने या बदलने की आवश्यकता नहीं थी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछला फैसला प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों के संदर्भ में दिया गया था, न कि सरकारी संस्थानों के लिए।
16 दिसंबर को आएगा अंतिम फैसला
कोर्ट ने पूरा मामला सुनने के बाद अपना निर्णय 16 दिसंबर तक सुरक्षित रख लिया है। अब PG मेडिकल प्रवेश को लेकर अंतिम निर्णय इसी दिन आएगा। तब तक PG काउंसिलिंग की सभी प्रक्रियाएँ रोक दी गई हैं।
अभ्यर्थी यहां देखें आधिकारिक अपडेट
- cgdme.in
- cgdme.admissions.nic.in
अभ्यर्थियों और अभिभावकों में अब 16 दिसंबर के फैसले को लेकर गहरी चिंता और इंतजार बना हुआ है।









