Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में 1816 पदों पर पुलिस भर्ती, हाईटेक सिस्टम से होगी पूरी प्रक्रिया

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सशस्त्र बलों की भर्ती को लेकर बड़ा ऐलान किया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए कुल 1816 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें 2 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने हाईटेक सिस्टम अपनाने का फैसला किया है और इसके लिए सिंगल सॉल्यूशन प्रोवाइडर हेतु टेंडर जारी किया गया है।

किन-किन पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत कांस्टेबल जीडी, ट्रेड्समैन, आर्म्स, एमटी, बैंड, डॉग स्क्वाड, घुड़सवार, अस्तबल सहायक समेत कई पद भरे जाएंगे। इसके अलावा हेड कांस्टेबल (नर्सिंग), सहायक प्लाटून कमांडर (नर्सिंग), पुरुष एवं महिला नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, कंपाउंडर, ड्रेसर और अन्य तकनीकी व स्वास्थ्य से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।

हाईटेक होगी पूरी प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। उम्मीदवारों के ऑनलाइन आवेदन से लेकर डेटा एंट्री तक का पूरा काम डिजिटल होगा।
शारीरिक मानक परीक्षण (PST) में ऊंचाई और सीने की माप डिजिटल उपकरणों से की जाएगी, जबकि शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) में दौड़ के समय को मापने के लिए RFID तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही सभी गतिविधियों की सिंक्रोनाइज्ड वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी।

लंबी कूद, ऊंची कूद और शॉटपुट जैसी स्पर्धाओं में भी डिजिटल माप प्रणाली लागू होगी, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना खत्म हो सके।

पांच भर्ती केंद्र बनाए जाएंगे

इस बड़े भर्ती अभियान के लिए राज्य में 5 भर्ती केंद्र स्थापित किए जाएंगे। हर केंद्र पर प्रतिदिन कम से कम 1000 अभ्यर्थियों का परीक्षण किया जाएगा। सिस्टम इस तरह तैयार किया जाएगा कि कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित प्रयासों से अधिक बार भाग न ले सके और परिणामों में किसी तरह की छेड़छाड़ संभव न हो।

लिखित परीक्षा भी होगी तकनीकी रूप से मजबूत

लिखित परीक्षा के लिए OMR शीट का डिजाइन, प्रिंटिंग, स्कैनिंग और मूल्यांकन पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया जाएगा। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी और हर चरण के अंक मास्टर शीट में स्वतः अपडेट होते रहेंगे।

रियल टाइम रिजल्ट और सख्त निगरानी

अभ्यर्थियों के परिणाम रियल टाइम में अपलोड किए जाएंगे। परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन और ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

बायोमेट्रिक और फोटो वेरिफिकेशन

भर्ती प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों की लाइव फोटो, फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन लिए जाएंगे। इनकी तुलना आवेदन के समय अपलोड की गई तस्वीरों से की जाएगी, जिससे किसी और के स्थान पर परीक्षा देने की संभावना खत्म हो जाएगी।

सॉफ्टवेयर संभालेगा पूरी प्रक्रिया

पूरे भर्ती अभियान के लिए एक इंटीग्रेटेड सॉफ्टवेयर सिस्टम तैयार किया जाएगा, जो डेटा एंट्री, परिणाम संकलन, फोटो वेरिफिकेशन और सभी चरणों की निगरानी करेगा। यह सिस्टम भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्लाउड आधारित सेवाओं से जुड़ा होगा।

पारदर्शिता पर खास फोकस

इस पूरी पहल का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी गड़बड़ी के अवसर मिल सके।

Related Posts

CG NEWS: शक की आग में उजड़ा परिवार; पिता और दो बेटों ने तलवार से बुजुर्ग महिला का गला रेता, 6 पर जानलेवा हमला

रतनपुर (बिलासपुर): जिले के रतनपुर थाना अंतर्गत ग्राम पेंडरवा में बुधवार शाम खूनी…

CG NEWS: मोबाइल टूटा तो दोस्त को उतारा मौत के घाट, घर में ही दफन कर दी लाश; अब ‘भूत’ के डर से आरोपी ने किया सरेंडर

अंबिकापुर (गांधीनगर): छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली…

1 of 250