रायपुर: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की सरेआम हत्या करने वाले दो मुख्य शूटरों को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पंजाब और रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने राजेंद्र नगर इलाके के ऋषभ अपार्टमेंट में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। हत्या के बाद से ही ये दोनों शूटर रायपुर में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपे हुए थे।
राजेंद्र नगर में मिली लोकेशन, ऐसे हुई गिरफ्तारी
पंजाब पुलिस को तकनीकी इनपुट के आधार पर सूचना मिली थी कि आरोपी सुखराज और कर्मवीर छत्तीसगढ़ में छिपे हैं। लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम रायपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से अपार्टमेंट की घेराबंदी की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रायपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर लेकर रवाना हो गई है।
शादी समारोह में सिर में मारी थी गोली
बता दें कि 4 जनवरी 2026 को तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह अमृतसर के मैरी गोल्ड रिसॉर्ट में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान बिना नकाब पहने दो बदमाशों ने पास आकर उनके सिर में बेहद करीब से गोली मार दी थी। इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसमें शूटरों की पहचान साफ हो गई थी।
गैंगस्टरों ने ली हत्या की जिम्मेदारी
सरपंच जरमल सिंह पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके थे। इस सनसनीखेज हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें गैंगस्टर डोनी बल और प्रभ दासुवाल ने इस मर्डर की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में अन्य गैंगस्टरों के नाम भी शामिल थे, जिसके बाद पुलिस इस बड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।
प्रशासनिक और पुलिसिया कार्रवाई
रायपुर पुलिस अब उन रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है जिन्होंने शूटरों को पनाह दी थी। मास्टरमाइंड की तलाश में पंजाब पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही हैं। रायपुर से हुई इस गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।








