रायपुर। राज्यसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा गुरुवार को रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे स्मृति मंदिर में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट के सभी मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद लक्ष्मी वर्मा विधानसभा पहुंचकर अपना राज्यसभा नामांकन दाखिल करेंगी।
मीडिया से बातचीत में लक्ष्मी वर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगी और छत्तीसगढ़ की जनता तथा पार्टी के निर्देशों का पालन करेंगी।
कांग्रेस द्वारा फूलोदेवी नेताम को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर भी लक्ष्मी वर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के लिए काम करती आई है, जबकि कांग्रेस को आज मजबूर होकर महिला उम्मीदवार उतारना पड़ा है।







